बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर नेटवर्क से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान ढाका थाना क्षेत्र के बिसरहिया गांव निवासी मोहम्मद सेयाज आलम के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि सेयाज सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे अली गुज्जर के संपर्क में था।
पुलिस के अनुसार, सेयाज के मोबाइल से आतंकी गतिविधियों से संबंधित बताए जा रहे वीडियो, फोटो, सोशल मीडिया रील्स और देशविरोधी सामग्री मिली है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल और संपर्कों की जांच कर पूरे डिजिटल नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब देशभर में स्वतंत्रता दिवस और आगामी त्योहारों के लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पूर्वी चंपारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए DIU मोतिहारी और सिकरहना SDPO की टीम को जांच में लगाया है।
यह भी पढ़ें: नेपाल में भारी बारिश से गंडक उफान पर, शाम तक 5 लाख क्यूसेक पहुंचने की आशंका
गांव के पास पुलिस ने सेयाज को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति पाकिस्तान स्थित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में है और लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव है। सूचना मिलने के बाद इसका सत्यापन कराया गया। इसके बाद सिकरहना SDPO अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम में ढाका थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (DIU) मोतिहारी के अधिकारी शामिल थे। टीम ने बिसरहिया गांव के पास घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा और खेतों की तरफ दौड़ पड़ा लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक रेडमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने कई बातें बताईं।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल की प्रारंभिक जांच में आतंकी गतिविधियों से संबंधित बताए जा रहे वीडियो, फोटो, सोशल मीडिया रील्स और देशविरोधी सामग्री मिली है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर पाकिस्तान के गैंगस्टरों के वीडियो, हथियारों के साथ रील्स, भड़काऊ भाषण और कुछ प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ी सामग्री भी मिली है। वह लगातार पाकिस्तान के नंबरों और अली गुज्जर नाम के अकाउंट से चैट कर रहा था। पुलिस अब उसके डिलीट किए गए चैट, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया की पूरी हिस्ट्री खंगाल रही है।
अली गुज्जर से संपर्क की जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अली गुज्जर पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़ा है। शहजाद भट्टी पाकिस्तान में बैठकर भारत में कई आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिलाता है। वह सोशल मीडिया पर हथियार, धमकी और गैंगस्टर लाइफस्टाइल से जुड़ी रील्स डालकर भारतीय युवाओं से संपर्क करता है। अली गुज्जर उसका करीबी और सोशल मीडिया हैंडलर है जो भारत के युवाओं से संपर्क करता है।
जांच में पता चला है कि सेयाज आलम पिछले कुछ महीनों से अली गुज्जर के संपर्क में था। वह उसके वीडियो देखता था, लाइक करता था और धीरे-धीरे चैटिंग शुरू हो गई। पुलिस को शक है कि उसे पैसों का लालच या कट्टरपंथी विचारों के जरिए फुसलाया जा रहा था। वह सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के गैंगस्टरों को फॉलो करता था और उनकी रील्स शेयर करता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसे किसी बड़ी वारदात के लिए तैयार किया जा रहा था या वह सिर्फ नेटवर्क का हिस्सा बन रहा था।
पूर्वी चंपारण पुलिस ने बताया कि डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर युवक के सोशल मीडिया संपर्कों की जांच की जा रही है। उसके मोबाइल में कई पाकिस्तानी नंबर सेव मिले हैं जिनकी जांच की जा रही है। उसके इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप अकाउंट की भी जांच हो रही है।
यह भी पढ़ें: 'पात्र व्यक्ति का नाम नहीं कटा', SIR पर सम्राट चौधरी का विपक्ष पर पलटवार
दिल्ली जाने के टिकट की भी जांच
जांच का एक अहम पहलू दिल्ली में 15 अगस्त के दौरान कथित साजिश से जुड़े संभावित कनेक्शन को लेकर भी है। चर्चा है कि सेयाज का दिल्ली जाने के लिए 10 अगस्त का टिकट बना था। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली जाने की तैयारी को लेकर पुलिस सतर्क हो गई। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में इस संबंध में फिलहाल कोई ठोस इनपुट सामने नहीं आने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि टिकट की बात सामने आई है लेकिन वह दिल्ली क्यों जाना चाहता था और किससे मिलने जाना था इसकी जांच चल रही है।
दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को भी इसकी सूचना दी गई है। 15 अगस्त के दौरान दिल्ली में सुरक्षा काफी कड़ी थी और कई संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी। ऐसे में सेयाज के दिल्ली जाने के टिकट की बात ने जांच को और गंभीर बना दिया है। पुलिस उसके दिल्ली में रहने वाले रिश्तेदारों और संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।
मालूम हो कि पूर्वी चंपारण नेपाल सीमा से सटा जिला है और यहां से पहले भी कई बार आतंकी और तस्करी नेटवर्क के तार जुड़ चुके हैं। कुछ महीने पहले भी चंपारण में कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया था। फिलहाल गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
