उत्तर प्रदेश के जिला इटावा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां प्रेम संबंधों को लेकर पिता की डांट से नाराज बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रच डाली। आरोप है कि दोनों ने पहले पिता को नींद की गोलियां दीं, फिर उनके हाथ-पैर बांधकर गला काटने की कोशिश की। इसमें नाकाम रहने पर सिलबट्टे से हमला कर उनकी जान ले ली। वारदात के बाद शव को फ्रिज में छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन जब शव उसमें नहीं समाया तो तीन कंबलों में लपेटकर संदूक में बंद कर दिया गया। कई दिनों तक कमरा बंद रहने के बाद दुर्गंध फैली तो इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस ने मृतक की बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

यह मामला इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, 55 वर्षीय श्याम सुंदर कठेरिया शिवम होटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। वह टीबी अस्पताल कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 14 स्थित एक कमरे में रहते थे। उनकी बेटी के प्रेम संबंधों की जानकारी होने पर उन्होंने उसे डांटा था।

 

आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर बेटी ने अपने प्रेमी अभिलाष सिंह के साथ मिलकर पिता की हत्या की योजना बना ली। जांच में सामने आया कि बेटी करीब पांच महीने पहले मोबाइल रिचार्ज कराने के दौरान बकेवर क्षेत्र के रहने वाले अभिलाष सिंह के संपर्क में आई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध हो गए। पुलिस का कहना है कि पिता को इस रिश्ते की जानकारी होने के बाद विवाद बढ़ा और इसी के चलते हत्या की साजिश रची गई।

 

यह भी पढ़ें:  प्रेम विवाह बना मौत की वजह? भाई ने बहन की हत्या कर कब्रिस्तान में दफनाया शव

नींद की गोलियां देकर पिता की हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात करीब एक बजे से सुबह छह बजे के बीच घर में वारदात को अंजाम दिया गया। आरोप है कि श्याम सुंदर को नींद की गोलियां देने के बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए गए। इसके बाद चाकू से उनका गला काटने की कोशिश की गई। जब इसमें सफलता नहीं मिली तो मसाला पीसने वाले सिलबट्टे से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। पहले शव को फ्रिज में रखने का प्रयास किया गया लेकिन वह उसमें नहीं समा सका। इसके बाद शव को तीन कंबलों में लपेटकर संदूक में बंद कर दिया गया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

कमरे से दुर्गंध उठी तो सामने आया हत्याकांड

कमरा कई दिनों तक बंद रहा। 25 अक्टूबर को कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी तो आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो कमरे में रखे संदूक से श्याम सुंदर का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। मृतक की बड़ी बेटी काजल ने अपनी छोटी बहन और उसके प्रेमी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की और दोनों आरोपियों को बकेवर क्षेत्र में अभिलाष सिंह के घर से गिरफ्तार कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: बकरे को जलाकर खुद को मृत दिखाया, 18 महीने बाद गिरफ्तार हुआ हत्या का आरोपी

हत्या में इस्तेमाल चाकू और सिलबट्टा बरामद

इटावा के एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर की हत्या 21 अक्टूबर की रात की गई थी। पुलिस जांच में उनकी बेटी की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, मसाला पीसने वाला सिलबट्टा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पिता की हत्या और शव को संदूक में छिपाने की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।