दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में रहने वाले डॉक्टर पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर ने कथित तौर पर घर की नौकरानी को बल्ले से पीटा, फिर चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। नौकरानी का शव डॉक्टर के घर की छत पर मिला था। वह पिछले 15 साल से डॉक्टर के घर में काम कर रही थी। जब पुलिस डॉक्टर के घर पहुंची तो वह सीढ़ियों पर बैठा हुआ था, जहां उसने स्वीकार किया कि हत्या उसी ने की थी। साथ ही पुलिस से मांग की कि उसे फांसी की सजा दे दी जाए। बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को हत्या की असली वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।

 

यह घटना गुरुवार को हुई थी, जहां डॉक्टर मनीष गुप्ता के घर पर काम करने वाली महिला मीना का शव मिला था। पुलिस को इस घटना की जानकारी गुरुवार सुबह 11 बजकर 36 मिनट पर मिली थी। फिलहाल पुलिस को हत्या की कोई ठोस वजह पता नहीं चल पाई है। हत्या के कारणों की तलाश की जा रही है। जानकारी के लिए बता दें कि मनीष एक डर्मेटोलॉजिस्ट थे। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर डिप्रेशन से पीड़ित थे। साथ ही उन्हें ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (OCD) भी था। इसी वजह से वह नौकरानी को काम से निकालना चाहते थे।

 

यह भी पढ़ें: शक की वजह से पति ने पत्नी के मुंह पर पोता कालिख, सिर मुंडवाकर पिलाई पेशाब

 

नौकरानी को क्यों मारा?

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि मनीष पिछले 10 साल से डिप्रेशन की बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (OCD) भी था। इसी वजह से वह मीना को काम से निकालना चाहते थे, जबकि उनकी पत्नी ऐसा नहीं चाहती थीं। पुलिस को संदेह है कि इसी विवाद की वजह से आरोपी डॉक्टर मनीष ने हत्या की थी। हालांकि हत्या की असली वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।

 

पुलिस के मुताबिक, मीना सुबह लगभग 10 बजकर 30 मिनट पर डॉक्टर मनीष गुप्ता के घर पहुंची थीं। इसके बाद वह छत पर कपड़े सुखाने के लिए डाल रही थीं। उसी दौरान डॉक्टर मनीष ने अपने बच्चे के बल्ले से मीना के सिर पर कई बार वार किया। जब मीना छत पर गिर गईं, तब मनीष गुप्ता ने कथित तौर पर चाकू से उनका गला रेत दिया।

 

यह भी पढ़ें: 'अनुष्का की बेटी से मिलने जबरदस्ती घर में घुसे', अब तेज प्रताप यादव पर लगे आरोप

 

जब यह वारदात हुई, उस समय आरोपी डॉक्टर मनीष की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थीं। घर में उनका 18 वर्षीय बेटा था। इस मामले में मृतका मीना के बेटे ने भी अहम जानकारी दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मनीष डिप्रेशन से पीड़ित थे। इसी वजह से पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उन्होंने अपनी दवाइयां लेना छोड़ दिया था।

 

मृतका मीना के बेटे ने क्या कहा?

 

मृतका मीना के पति पश्चिम बंगाल के एक गांव में रहते हैं। मीना अपने बेटे रौबीन के साथ दिल्ली में रहती थीं। इस मामले को लेकर रौबीन ने कहा, 'मैं सुबह ऑफिस जाने के लिए घर से निकल गया था। उसके कुछ देर बाद मां भी काम पर चली गई थीं। कुछ देर बाद मुझे एक रिश्तेदार का फोन आया, जिसमें बताया गया कि मां का निधन हो गया है। यह मेरे लिए हैरानी की बात है कि हत्या डॉक्टर साहब ने की है। मां ने पहले कभी उनकी शिकायत नहीं की थी और न ही डॉक्टर के साथ उनका कोई विवाद हुआ था।' मीना की बहन ने बताया कि वह बेहद शांत स्वभाव की थीं। मीना के निधन के बाद उनके परिवार में शोक का माहौल है।