किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना बहुत जरूरी होता है। यह एक सरकारी दस्तावेज है जिसकी जरूरत बैंक, बीमा, पेंशन, संपत्ति और कई अन्य जरूरी कामों में पड़ती है। अगर यह दस्तावेज नहीं है तो कई सरकारी और कानूनी काम अटक सकते हैं। भारत में जन्म और मृत्यु पंजीकरण अधिनियम 1969 के तहत हर बच्चे के जन्म और हर व्यक्ति की मृत्यु का सरकारी रिकॉर्ड में रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है।

 

अच्छी बात यह है कि अब कई राज्यों में मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा भी मिल रही है। ऐसे में घर बैठे आवेदन किया जा सकता है। हालांकि, आवेदन करने से पहले यह जानना जरूरी है कि इसके लिए कौन-कौन से दस्तावेज लगते हैं और किन कामों में इसकी सबसे ज्यादा जरूरत पड़ती है।

 

यह भी पढ़ें: ऑनलाइन कैसे खोल सकते हैं NPS अकाउंट? आज ही जान लें तरीका

मृत्यु प्रमाण पत्र क्यों जरूरी है?

मृत्यु प्रमाण पत्र किसी व्यक्ति की मृत्यु का आधिकारिक प्रमाण होता है। इसकी जरूरत कई जगह पड़ती है, जैसे-

  • बैंक अकाउंट बंद कराने या ट्रांसफर कराने में
  • बीमा (Insurance) क्लेम करने में
  • पेंशन बंद कराने या परिवार को पेंशन दिलाने में
  • संपत्ति के ट्रांसफर में
  • सरकारी रिकॉर्ड अपडेट कराने में
  • कानूनी मामलों और कोर्ट की प्रक्रिया में
  • निवेश, शेयर, म्यूचुअल फंड या अन्य वित्तीय संपत्तियों के क्लेम में

यह भी पढ़ें: PM किसान योजना की 24वीं किस्त के पैसे मिलेंगे या नहीं? इन चीजों से खुद करें चेक

ऑनलाइन कैसे करें मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन?

  • सबसे पहले CRS (Civil Registration System) या अपने राज्य के e-District पोर्टल पर जाएं।
  • अगर पहली बार वेबसाइट का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो पहले अपना रजिस्ट्रेशन करें और फिर लॉग इन करें।
  • लॉग इन करने के बाद Death Registration या Death Certificate के विकल्प पर क्लिक करें।
  • अब आवेदन फॉर्म में मृतक का नाम, मृत्यु की तारीख, मृत्यु का स्थान, माता-पिता या परिवार से जुड़ी मांगी गई जानकारी और पता सही-सही भरें।
  • इसके बाद जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करें।
  • सभी जानकारी एक बार जांच लें और फिर Submit पर क्लिक कर दें।
  • आवेदन जमा होने के बाद आपको Application Number मिलेगा। इसे संभालकर रखें, क्योंकि इसी से आप अपने आवेदन का स्टेटस देख सकते हैं।
  • आवेदन की जांच पूरी होने के बाद आपका मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाएगा जिसे आप ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।

किन दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है?

  • अस्पताल या डॉक्टर द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण 
  • मृतक का आधार कार्ड 
  • आवेदक का पहचान पत्र
  • पता प्रमाण
  • बैंक पासबुक
  • पासपोर्ट साइज़ फोटो
  • अन्य दस्तावेज जो संबंधित स्थानीय निकाय मांग सकता है।