बिहार के छपरा सदर अस्पताल के ओपीडी में मेडिसिन विभाग में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। खांसी की शिकायत लेकर इलाज कराने पहुंचे एक मरीज की पर्ची पर डॉक्टर ने कुत्ता काटने के बाद दी जाने वाली सुई लिख दी। अब अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और मरीजों की जांच पर सवाल उठे हैं।
पीड़ित मरीज के साढ़ा मठिया के रहने वाले राजेश चौधरी हैं। उन्होंने बताया कि वह खांसी के इलाज के लिए मेडिसिन विभाग के कमरा नंबर 8 में पहुंचे थे। बीमारी बताने के बाद चिकित्सक ने उनकी पर्ची पर कुत्ता काटने की सुई लिख दी।
यह भी पढ़ें: इंदौर में कांग्रेस नेता ने अधिकारी को मारा थप्पड़, तमाशबीन ने पार्षद को मारी लात
आयुष चिकित्सकों के भरोसे मेडिसिन विभाग
मरीज का आरोप है कि चिकित्सक उनकी बात ठीक से सुन भी नहीं रहे थे। उनके मुताबिक बिना बीमारी की जानकारी समझे दवा लिखी जा रही थी। जब उन्हें रेबीज की दवाई लिखी गई तो वह खुद हैरान रह गए। दैनिक जागरण की एक रिपोर्ट के मुताबक सदर अस्पताल के मेडिसिन विभाग में नियमित फिजिशियन नहीं हैं। इस वजह से मरीजों का इलाज आयुष चिकित्सकों के भरोसे हो रहा है।
अब बीमारी के सही आकलन और इलाज को लेकर चिंता बढ़ रही है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. केएम दुबे ने बताया कि अस्पताल प्रशासन को इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: असदुद्दीन ओवैसी को दिया गार्ड ऑफ ऑनर, वीडियो वायरल होने पर CO को पद से हटाया
अगर मरीज को लग जाती गलत दवाई तो क्या होगा?
आयशा हेल्थ केयर के चीफ डॉ. शाहिद अख्तर ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को गलती से कुत्ता काटने की वैक्सीन लग जाए तो घबराने की कोई बात नहीं है क्योंकि यह पूरी तरह से सुरक्षित होती है। इससे कोई गंभीर या जानलेवा नुकसान नहीं होता। इस टीके में जीवित नहीं बल्कि निष्क्रिय वायरस का इस्तेमाल किया जाता है, इसलिए इससे व्यक्ति को रेबीज की बीमारी नहीं हो सकती।
डॉ. शाहिद ने बताया कि यह वैक्सीन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सक्रिय कर देती है, जिससे रेबीज के खिलाफ एंटीबॉडी बन जाती हैं। ज्यादा जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों या पशु चिकित्सकों को सुरक्षा के लिए पहले से भी ऐसी वैक्सीन दी जाती है।
यह भी पढ़ें: मुंबई: पार्क में फोटो खिंचा रहे कपल पर 8-10 नाबालिगों ने किया हमला, वीडियो वायरल
क्या असर दिख सकता है?
डॉ. शाहिद अख्तर के मुताबिक केवल इंजेक्शन वाली जगह पर हल्का दर्द, सूजन, लालिमा या कभी-कभी हल्का बुखार और थकान जैसे सामान्य और अस्थायी दुष्प्रभाव हो सकते हैं जो एक-दो दिन में अपने आप ठीक हो जाते हैं। अगर गलत डोज लग जाए तो तत्काल अपने डॉक्टर से संपर्क करें।
