आयरलैंड ने शुक्रवार (28 जून) को बड़ा उलटफेर करते हुए पहले टी20 मैच में टीम इंडिया को 34 रन से हरा दिया था। बेलफास्ट में खेले गए इस मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 182 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर भारत को 18.5 ओवर में 148 पर समेट दिया। 

 

मेजबान टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों डिपार्टमेंट में वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को पछाड़ा। आज (28 जून) 2 मैचों की इस सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला खेला जाना है। आयरिश टीम ऐतिहासिक सीरीज की दहलीज पर है। जानिए उसने फुल मेंबर टीमों के खिलाफ कितनी टी20 सीरीज में जीत हासिल की है।

 

यह भी पढ़ें: भारत या साउथ अफ्रीका, सेमीफाइनल में पहुंचने के किसके चांसेज ज्यादा हैं?

जिम्बाब्वे को दो टी20 सीरीज में दी मात

साल 2021 में आयरलैंड दौरे पर गई जिम्बाब्वे की टीम ने 5 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में करीबी जीत हासिल की। उसने 117 रन को डिफेंड करते हुए आयरलैंड को 114 पर रोक दिया था। इसके बाद आयरिश टीम ने सीरीज में धमाकेदार वापसी की और जिम्बाब्वे को लगातार तीन मैचों में मात दे दी। इसके साथ ही उसने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली। सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला एक बार फिर लो-स्कोरिंग रहा और जिम्बाब्वे ने 124 रन को डिफेंड करते हुए 5 रन से जीत हासिल की। आयरलैंड ने सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया।

 

इस यादगार सीरीज जीत के 3 साल बाद आयरलैंड ने जिम्बाब्वे का दौरा किया। इस दौरे पर 3 टी20 मैच खेले जाने थे। जिम्बाब्वे ने पहले मुकाबले में 1 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। इसके बाद आयरलैंड ने 4 विकेट से जीत हासिल कर सीरीज में बराबरी हासिल की। आखिरी मुकाबले में भी आयरलैंड ने सफलतापूर्वक लक्ष्य का पीछा किया और 2-1 से सीरीज अपनी झोली में डाल घर लौटी। किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ यह उसकी आखिरी टी20 सीरीज जीत है।

 

यह भी पढ़ें: 'कोहली से कभी नहीं मिला...,' विराट संग दोस्ती पर बोले नोवाक जोकोविच

अफगानिस्तान से भी जीत चुकी है सीरीज

आयरलैंड ने 2022 में 5 मैचों की टी20 सीरीज में अफगानिस्तान की मेजबानी की थी। इस सीरीज के पहले दो मुकाबले जीतकर आयरिश टीम ने बढ़त बनाई लेकिन अफगानिस्तान ने अगले दो मुकाबले जीतकर बराबरी हासिल कर ली। पांचवें और निर्णायक मुकाबले में आयरलैंड ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और बारिश से प्रभावित मुकाबले में अफगानी टीम को 15 ओवर में 95/5 के स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद फिर बारिश आ गई, जिससे उसे DLS मेथड के अनुसार, 7 ओवर में 56 रन का टारगेट मिला। आयरलैंड ने इस टारगेट को 2 गेंद शेष रहते हासिल कर सीरीज पर कब्जा जमा लिया।

 

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया की पहले बॉलिंग, वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू का इंतजार बढ़ा

बड़ी टीमों को हरा चुका आयरलैंड

आयरलैंड की टीम इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत को मात देने से पहले पाकिस्तान और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों को भी धूल चटा चुकी थी। उसने टी20 में वेस्टइंडीज को 3 बार हराया है। हालांकि उसे सीरीज जीतने में कामयाबी नहीं मिली है।

 

आयरलैंड ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को शिकस्त दे दी थी। उसने मेलबर्न में 157 रन का टारगेट रखने के बाद 86 रन पर इंग्लैंड की आधी पारी समेट दी। मोईन अली ने लियाम लिविंगस्टोन के साथ मिलकर मोर्चा संभाला लेकिन बारिश आने तक वह इंग्लैंड को DLS पार स्कोर के आगे नहीं ले जा सके। आयरलैंड ने DLS मेथड से 5 रन से सनसनीखेज जीत दर्ज की।